स्वच्छ भारत अभियान पर निबंध। Swachh Bharat abhiyan par nibandh

हमारे देश भारत में प्रत्येक वर्ष गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाता है, जिसे हम स्वच्छ भारत अभियान के नाम से जानते हैं इसकी शुरुआत सन 2014 में हुई थी तभी से यह अभियान पूरे भारतवर्ष में प्रगति पर है। प्रत्येक वर्ष इस अभियान को अलग-अलग थीम्स के साथ मनाया जाता है। देश को स्वच्छ बनाने की सरकार की यह पहल वास्तव में सराहनीय है। आज किस पोस्ट में हम “स्वच्छ भारत अभियान पर निबंध हिंदी में” लिखना सीखेंगे।

“स्वच्छ भारत अभियान पर निबंध”

“स्वच्छ भारत अभियान में करें सहयोग,
स्वच्छता को अपनाकर दूर भगाएं रोग।”

प्रस्तावना – मानव जीवन में स्वच्छता का विशेष महत्व है। हमारे देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने भी स्वच्छ भारत का सपना देखा था। वे चाहते थे कि भारत का हर एक नागरिक एक साथ मिलकर अपने देश भारत को स्वच्छ एवं साफ सुथरा बनाए। उनके इस स्वप्न को साकार करने की जिम्मेदारी वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उठाई है। मोदी जी ने 2 अक्टूबर सन 2014 को स्वच्छ भारत अभियान पूरे भारतवर्ष में शुरू किया था और भारत के हर एक नागरिक से इस अभियान के साथ जुड़ने की अपील भी की थी।

स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य – स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य संपूर्ण भारत को स्वच्छ बनाना है। साथ ही अभियान का उद्देश्य केवल आसपास की सफाई ही नहीं बल्कि नागरिकों की सहभागिता के द्वारा सार्वजनिक इकाइयों को भी कचरा मुक्त एवं स्वच्छ बनाना है। इन सार्वजनिक इकाइयों में हमारे आसपास के सभी पार्क, सड़कें, सार्वजनिक शौचालय, सार्वजनिक इमारतें इत्यादि आते हैं। इसके लिए सरकार लगातार देश के नागरिकों से श्रमदान करने की अपील करती ही रहती है।

स्वच्छ भारत अभियान का महत्व – सर्वप्रथम देश को स्वच्छ एवं साफ सुथरा बनाने में इस अभियान का बड़ा ही योगदान है। जब देश स्वच्छ एवं साफ सुथरा होगा तभी देश के नागरिक एक स्वस्थ जीवन जी पाएंगे। देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी स्वच्छ भारत अभियान बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। जब बाहर से पर्यटक हमारे देश घूमने आते हैं तो गंदगी को देखकर उनकी नजर में देश की गलत छवि बन जाती है, इसीलिए पर्यटकों के नजरों में एक स्वच्छ एवं सुंदर भारत की छवि बनाने के लिए भी स्वच्छ भारत अभियान बहुत ही आवश्यक है।

स्वच्छ भारत अभियान का क्रियान्वयन – स्वच्छ भारत अभियान के शुरुआती दिनों से ही पूरे भारतवर्ष में साफ सफाई के कार्य प्रगति पर है। अभियान के अंतर्गत देश भर में लाखों शौचालय का निर्माण करवाया गया है। इस अभियान से पूर्व देश के बहुत से गांव में अक्सर खुले में ही शौच की जाती थी, किंतु वर्तमान में शायद ही कोई ऐसा गांव होगा जहां घर घर में शौचालय न बना हो। बेहतर सार्वजनिक सेवाएं होने से आज संक्रामक बीमारियां कम फैलती हैं। स्वच्छ भारत अभियान के आने से देश के लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। अब लोग साफ सफाई पर अधिक ध्यान देते हैं और काम बीमार पड़ते हैं, जीवन की गुणवत्ता में भी वृद्धि हुई है। अभियान से प्रभावित होकर नागरिक उचित अपशिष्ट प्रबंधन पर ध्यान देते हैं जिससे पर्यावरण भी सुरक्षित है।

स्वच्छ भारत अभियान की राह में चुनौतियां – आज स्वच्छ भारत अभियान ने भारत को स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन अभियान के क्रियान्वयन में बहुत सी चुनौतियां का सामना सरकार को करना पड़ रहा है। स्वच्छता को स्थिरता प्रदान करने के लिए देश के नागरिकों के व्यवहार में ही स्वच्छता को शामिल करना एक बड़ी चुनौती है, जिस पर यह अभियान लगातार कार्य कर रहा है। शहर के इलाकों में ठोस अपशिष्ट पदार्थों का प्रबंधन करना और जल को दूषित होने से बचाना एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने खड़ा है।करनादेश के दूर दराज और पिछड़े हुए इलाकों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और वहां पर स्वच्छता सुविधाओं को मुहैया कराना भी एक बड़ी चुनौती साबित हुआ है।

निष्कर्ष – विभिन्न चुनौतियां होने के बावजूद भी देश में स्वच्छ भारत अभियान आज प्रगति पर है। भारत के स्वच्छ भारत अभियान को आज वैश्विक स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में एक अग्रणी पहल के रूप में मान्यता मिल चुकी है। इस अभियान ने भारत में स्वच्छता के बुनियादी ढांचे में एक अविश्वसनीय सुधार लाया है। आज भारत निरंतर स्वच्छता की ओर अपने कदम बढ़ाए जा रहा है। आज देश का हर नागरिक इस अभियान से प्रोत्साहित होकर देश के कोने कोने को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी लिए हुए है। स्वच्छ भारत अभियान देश को स्वच्छ बनाने की राह में एक मील का पत्थर साबित हुआ है। हम सभी को सरकार के इस प्रयास में अपनी भागीदारी अवश्य निभानी चाहिए और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना चाहिए।

“स्वच्छ भारत मिशन की मंजिल ना थी आसान,
लाख चुनौतियों को भी डटकर किया आसान।
वैश्विक स्तर पर भारत को दिलाई एक पहचान,
स्वच्छ भारत की शान,स्वच्छ भारत अभियान।”

स्वच्छ भारत अभियान पर निबंध की यह पोस्ट आपको कैसी लगी आप हमें कमेंट करके अवश्य बताएं। अगर swachh bharat abhiyan par nibandh आपके लिए हेल्पफुल होता है तो आप इसे अपने दोस्तों और सहपाठियों के साथ अवश्य शेयर करें। धन्यवाद!

Leave a Comment

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *