नमस्कार दोस्तों! जैसा कि आप सभी जानते ही हैं कि प्रत्येक वर्ष 5 जून के दिन विश्व भर में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस अवसर को वैश्विक स्तर पर पर्यावरण की सुरक्षा हेतु प्रयास माना जाता है। आज हम विश्व पर्यावरण दिवस पर निबंध हिंदी में लिखना सीखेंगे। तो चलिए शुरू करते हैं –
“विश्व पर्यावरण दिवस पर निबंध”
“पेड़ पौधों से सजी धरती का स्वप्न हो साकार,
विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का बस यही आधार।”
प्रस्तावना –
प्रत्येक वर्ष 5 जून के दिन पूरे विश्व में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। यह दिन पर्यावरण की सुरक्षा और उसके संरक्षण हेतु मनाया जाता है। इस दिन पर्यावरण की सुरक्षा हेतु तरह तरह के आयोजनों द्वारा लोगों को जागरुक किया जाता है। पर्यावरण दिवस पर्यावरण सुरक्षा हेतु एक वैश्विक स्तर का आयोजन है, जिसमें विश्व का हर देश भाग लेता है।
विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने की शुरुआत –
हमारे देश भारत के साथ साथ संपूर्ण विश्व पर्यावरण पर प्रदूषण के बढ़ते खतरे को लेकर सचेत हैं। अतः सर्वप्रथम यूनाइटेड नेशन के द्वारा सन 1972 में 5 जून के दिन इस दिवस को मनाने की घोषणा की गई। ठीक 2 वर्ष के बाद 5 जून सन 1974 को प्रथम विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। तभी से हम प्रत्येक वर्ष एक विशेष विषय के साथ 5 जून के दिन विश्व पर्यावरण दिवस मनाते आ रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने का उद्देश्य –
विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने का उद्देश्य हमारी धरती मां और हमारे पर्यावरण की सुरक्षा करना है। विश्व पर्यावरण दिवस का कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र के द्वारा चलाया जाता है। इस अवसर पर पूरे विश्व में भिन्न-भिन्न प्रकार के आयोजन किए जाते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करना तथा पर्यावरण की सुरक्षा हेतु लोगों को प्रोत्साहित करना है इस दिन सभी विद्यालयों, कॉलेज और दफ्तरों आदि में वृक्षारोपण कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हमारे प्रयास –
विश्व पर्यावरण दिवस हमें हमारे पर्यावरण के प्रति कर्तव्यों को पुनः याद कराता है और पर्यावरण की सुरक्षा हेतु प्रयास करने हेतु हमें प्रेरित भी करता है। हम सभी को अपने पर्यावरण की सुरक्षा का हर संभव प्रयास करना चाहिए। इसके लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और वृक्षों की कटाई पर रोक लगानी चाहिए। हमें पेट्रोल-डीजल द्वारा चालित वाहनों और बिजली के उन उपकरणों का प्रयोग कम से कम करना चाहिए जिनसे पर्यावरण को क्षति पहुंचाने वाली हानिकारक गैसें निकलती हैं। जिन उत्पादों का पुनः नवीनीकरण किया जा सकता हो उनका प्रयोग हमें अधिक से अधिक करना चाहिए।
निष्कर्ष –
हमारा यह मनुष्य जीवन हमारे पर्यावरण की ही देन है। पर्यावरण द्वारा प्रदत्त जीवनदायिनी ऑक्सीजन और जल द्वारा ही यह मनुष्य जीवन संभव हो पाया है। अतः हम मनुष्यों को यह बात कभी नहीं भूलनी चाहिए कि यदि स्वच्छ पर्यावरण है तो ही स्वस्थ हम हैं। हमें पर्यावरण के प्रति दृढ़प्रतिज्ञा लेते हुए हर एक दिन पर्यावरण की सुरक्षा का प्रयास करना चाहिए तभी विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने का ध्येय पूर्ण होगा।
तो आइए विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सब मिलकर यह प्रण लेते हैं कि हम जितना हो सके उतने पेड़ लगाएंगे और अपने आसपास के वातावरण को हरा भरा रखेंगे। जिस प्रकार हमारी धरती हरी-भरी बनी रहेगी ठीक उसी प्रकार हमारा जीवन भी फलता फूलता रहेगा।
“पर्यावरण संरक्षण को अपनाएं,
स्वस्थ और खुशहाल जीवन पाएं।”
इस प्रकार से आप विश्व पर्यावरण दिवस पर निबंध हिंदी में प्रभावशाली तरीके से लिख सकते हैं। आपको यह पोस्ट कैसी लगी आप हमें कमेंट करके अवश्य बताएं। पर्यावरण दिवस पर निबंध विषय पर इस पोस्ट से संबंधित यदि आपके कोई सुझाव हो तो आप हमें अवश्य बताएं। धन्यवाद!