नमस्कार दोस्तों आज की इस पोस्ट में हम स्वतंत्रता दिवस पर भाषण हिंदी में देना सीखेंगे। इस पोस्ट के माध्यम से हम नारों के साथ किस प्रकार से भाषण दिया जा सकता है यह सीखने वाले हैं। यदि आप नारों के साथ 15 अगस्त पर भाषण देंगे तो यह भाषण सुनने वालों को बहुत अधिक प्रभावित करेगा।
“Swatantrata diwas par bhashan”
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, सभी शिक्षक गण और मेरे दोस्तों! सर्वप्रथम आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!
“वीरों की कुर्बानी को ना दिल से कभी भुलाना है,
स्वतंत्रता का यह दिवस बड़ी ही धूमधाम से मनाना है।”
स्वतंत्रता दिवस का दिन इतिहास वह दिन है, जिसने देश को गुलामी की जंजीरों से आजादी दिलाई थी। इस दिन हमारा भारत देश लगभग 200 वर्षों के पराधीनता के श्राप से मुक्त हुआ था। आजादी के लिए देशवासियों ने बहुत लंबा संघर्ष किया था, तब जाकर देश को यह दिन नसीब हुआ। आज हम सभी भारतवासी खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं तो इसका श्रेय सभी स्वतंत्रता सेनानियों को जाता है, जिन्होंने देश को आजाद करने के लिए अपना सर्वस्व लुटा दिया। आज उन्हीं की कुर्बानी की खातिर आज हमारा प्रिय भारत देश आजाद है।
देश को आजाद करने के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजों के साथ एक लंबी लड़ाई लड़ी। उन्हें इस दौरान अनेक कष्ट झेलने पड़े। बहुत बार जेल जाना पड़ा। अनेक आंदोलन करने पड़े। बहुत से स्वतंत्रता सेनानियों ने तो देश के लिए अपनी जान की कुर्बानी दे दी। शहीद भगत सिंह जैसे युवा 23 साल की उम्र में ही देश की आजादी के लिए फांसी चढ़ गए थे। आज के दिन हम ऐसे ही वीर जवानों को दिल से याद करते हैं। देश पर मर मिटने वाले हर एक स्वतंत्रता सेनानी को आज के दिन हम नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
देश को एक आजाद सुबह देने वाला यह दिन हम सभी भारतवासियों के लिए बेहद ही खास दिन है। इस दिन को हम प्रत्येक वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन भारत के सभी सरकारी दफ्तरों, विद्यालयों, कॉलेजों तथा सार्वजनिक तथा सरकारी निकायों में देश की शान तिरंगा झंडा फहराया जाता है। राजधानी दिल्ली की शान तो देखते ही बनती है। विद्यालयों में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति होती है। बच्चे देश भक्ति गीत गाकर देश के प्रति अपना भाव प्रदर्शित करते हैं।
आज देश को आजाद हुए 75 वर्षों से भी ऊपर हो चुके हैं। इन वर्षों में भारत ने बहुत सी चुनौतियों का सामना किया और खुद को फिर से एक विकासशील देश के रूप में स्थापित किया। आजादी के सौ वर्ष पूरे होने तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य आज देश के सामने है। देश बड़ी ही मेहनत के साथ विकास के पथ पर अग्रसर है। बहुत सारे ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें भारत ने विकसित राष्ट्रों को भी मात दी है। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, तल्लीकी वंदनम, आयुष्मान, प्रधानमंत्री कौशल विकास, प्रधानमंत्री उज्जवला, गरीब कल्याण, किसान सम्मान निधि जैसी असंख्य योजनाएं भारतवासियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही है। इन सभी योजनाओं के माध्यम से देशवासी लाभ उठाते हुए अपने जीवन स्तर को सुधार रहे हैं। भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी के उन्मूलन हेतु भी भारतीय सरकार प्रयासरत है।
देश की इस विकास यात्रा में हर एक भारतवासी को अपना सहयोग करना होगा। तभी देश 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के स्वप्न को साकार कर पाएगा। इसके लिए हम सभी भारतवासियों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। अंत में इन पंक्तियों के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता हूं –
“वीरों ने अपनी जान देश पे लुटाई थी,
तब जाकर देश ने यह आजादी पाई थी।”
धन्यवाद!
तो दोस्तों इस प्रकार से आप स्वतंत्रता दिवस पर भाषण हिंदी में तैयार कर सकते हैं। आपको यह Independence Day speech in hindi कैसा लगा आप हमें कमेंट करके अवश्य बताएं। अगर यह पोस्ट आपके लिए हेल्पफुल होती है तो आप इसे अपने दोस्तों के साथ अवश्य शेयर करें। धन्यवाद!